जंगली सूअर ने किसान को जबड़े में दबोचा:महोबा में पालतू कुत्तों ने लड़कर बचाई जान

महोबा की सीमा पर स्थित लक्ष्मणपुरा गांव में एक किसान पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया। खेत की रखवाली करने गए चेतराम राजपूत (27) को सूअर ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान किसान के दो पालतू कुत्तों ने सूअर से भिड़कर उसकी जान बचाई। यह घटना छतरपुर के लवकुश नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा गांव की है। किसान चेतराम राजपूत रोज की तरह देर शाम अपने खेत की रखवाली के लिए घर से निकला था। खेत के करीब पहुंचते ही झाड़ियों में छिपे एक जंगली सूअर ने उस पर अचानक हमला कर दिया। सूअर ने चेतराम के हाथ को अपने जबड़े में दबोच लिया और उसे घसीटने लगा। चेतराम के साथ उसके दो पालतू कुत्ते भी थे। मालिक को खतरे में देख दोनों कुत्तों ने तुरंत जंगली सूअर पर हमला कर दिया। काफी देर तक सूअर और कुत्तों के बीच संघर्ष चलता रहा। कुत्तों ने सूअर को उलझाए रखा, जिससे घायल किसान को वहां से भागने का अवसर मिल गया। चेतराम ने भागकर अपनी जान बचाई और पास के खेतों में मौजूद ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया। सूअर के डर के कारण ग्रामीण कुछ देर बाद किसान के पास पहुंचे और उसे सुरक्षित स्थान पर ले गए। घायल चेतराम को तुरंत महोबा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इमरजेंसी वार्ड में उसका प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार, किसान के हाथ में गंभीर घाव हैं, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी जान को कोई खतरा नहीं है।