आज नोएडा स्थित लॉयड लॉ कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (मेरठ प्रांत) द्वारा आयोजित ‘लॉ कॉन्क्लेव – विधि संगम’ कार्यक्रम में प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए विधि के विद्यार्थियों को संबोधित किया।
सिंह ने कहा कि कानून केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि विधि के छात्र केवल धाराओं और अनुच्छेदों तक सीमित न रहें, बल्कि न्याय, कर्तव्य और राष्ट्र निर्माण की व्यापक भावना को अपने जीवन का लक्ष्य बनाएं। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण का आंदोलन है, जिसने देश के लाखों युवाओं को समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उन्हें स्वयं विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने का अनुभव रहा है, जिस पर उन्हें गर्व है। कहा कि आज का युवा भारत के भविष्य का निर्माता है और विधि के विद्यार्थी समाज में न्याय, संवैधानिक मूल्यों तथा राष्ट्रहित की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, ऊर्जा और संकल्प को न्यायपूर्ण, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में लगाएं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न वर्कशॉप एवं संवाद सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें विधि के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी, लॉयड लॉ कॉलेज के प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में विधि के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।