जाट मुर्दाबाद बुलवाने-रील बनाने के लिए न्यूड कर पीटा:आगरा में पीड़ित बोला- मुझे उठाकर ले गए, वीडियो बनाया, विरोध पर भाई को मार डाला

अलीगढ़ में शादी समारोह में दूल्हे के भाई की पीट-पीटकर हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी हमलावरों ने इंस्टाग्राम पर रील बनाकर लाइक और फॉलोअर बढ़ाने के लिए विवाद की शुरुआत की। शादी में आए दूल्हे के चचेरे भाई को अगवा किया। उसे गांव में लेकर गए। उसके कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाए। उसकी जाति पूछी। जब उसने जाट बताया तो ‘जाट मुर्दाबाद’ के नारे लगाने का दबाव बनाने लगे। नारे न लगाने पर उसे पीटा। इसके बाद छोड़ दिया। जब युवक के भाइयों ने हमलावरों से वीडियो डिलीट करने को कहा तो उन्होंने एकजुट होकर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। विनय को इतना मारा कि उसने मैरिज होम के गेट पर ही दम तोड़ दिया। पूरा मामला अतरौली इलाके का है। चलिए पीड़ित की जुबानी पढ़ते हैं कि कैसे घटना हुई., लेकिन पहले पिटाई की तस्वीरें देखिए- हमलावर बोले- जाट मुर्दाबाद बोलते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो डालेंगे
विकास ने कहा- मैंने हमलावरों से बार-बार कहा कि मैं खुद जाट हूं, लेकिन वो पीटते रहे। वो आपस में बात कर रहे थे कि ‘जाट मुर्दाबाद’ बोलते हुए वीडियो बनाकर इसकी पिटाई करते हुए इंस्टाग्राम पर डालेंगे। मैं उनके मंसूबे समझ गया। मैंने उनसे अपना वीडियो डिलीट करने को कहा। तब हमलावरों ने कहा कि वीडियो इंस्टाग्राम पर थोड़ी देर बाद देख लेना। मैं जैसे-तैसे वहां से भागकर मैरिज होम पहुंचा। वहां पर अपने भाई अजय और सोनू को पूरी बात बताई। थोड़ी देर में वो हमलावर लड़के भी मैरिज होम आ गए। भाइयों ने हमलावरों से पूछा कि ऐसा क्यों किया, तो बोले- मजाक कर रहे थे। जब वीडियो डिलीट करने को बोला तो उन्होंने मना कर दिया। इसी बीच, तीनों में से बॉडी बिल्डर लड़के ने भाइयों को थप्पड़ मार दिए। इसके बाद तो वो लड़के अजय और सोनू पर टूट पड़े। दो मिनट में डंडे लेकर आ गए विकास ने बताया- मारपीट होते ही वो लड़के भागकर गए। अपने साथ 10-15 लड़के बुला लाए। सबके हाथ में डंडे थे। उन्होंने हम सबकी पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद जो भी बचाने आया, उसे घेरकर पीटा। ऐसा लग रहा था कि उन्होंने लड़ाई की तैयारी पहले से कर रखी थी। मैं किसी तरह भागकर अंदर गया। लौटकर आया तो विनय भइया जमीन पर पड़े थे। सोनू भइया उन्हें उठाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन इसी बीच विनय की सांसें थम गईं। विधायक से परिजन बोले- पुलिस सहयोग नहीं कर रही
घटना की जानकारी पर एत्मादपुर के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह उनके घर पहुंचे। विनय के घरवालों ने अलीगढ़ पुलिस पर सहयोग न करने और दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा था, लेकिन केवल एक को जेल भेजा। मारपीट में बारात पक्ष के 19 लोग घायल हुए हैं। घायल देवेंद्र के पैर की हड्डी टूट गई है। दूल्हे के बड़े भाई के सिर में भी गंभीर चोट है। वह भी आगरा के पुष्पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जोगेंद्र, ज्ञानप्रकाश समेत 10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीओ बोले- घरातियों-बारातियों में हुआ था झगड़ा सीओ अतरौली राजीव द्विवेदी ने बताया- घरातियों और बारातियों में झगड़ा हुआ था। इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। वहीं विवाद के बाद दूल्हा-दुल्हन दोनों की शादी पुलिस की मौजूदगी में करा दी गई थी। दुल्हन की रात में ही विदाई कराई गई थी। हमलावरों का ‘फिट जैनी जाट’ नाम से इंस्टा अकाउंट विकास के मुताबिक, जिस इंस्टाग्राम आईडी पर हमलावर युवक वीडियो अपलोड करने की बात कर रहे थे, उसका नाम ‘फिट जैनी जाट’ है। इसके 1214 फॉलोअर हैं। इसमें आरोपी युवक ने अपनी 61 पोस्ट डाली हैं। इसमें वह कसरत करते हुए दिख रहा है। एक वीडियो में बाइक को अपने कंधे पर उठा रहा है। ———————- विनय की मौत पर पिता का दर्द पढ़िए- मैं हाथ जोड़ता रहा, वो बेटे पर डंडे बरसाते रहे: आगरा में पिता बोले- हत्या की प्लानिंग थी, अलीगढ़ में हुई थी दूल्हे के भाई की हत्या ‘लड़की वालों ने पूरी प्लानिंग से मेरे बेटे पर हमला किया। हमलावरों ने बेटे को मारते-मारते नीचे गिरा दिया। उसके सिर पर डंडे मारते रहे। मैं उसको बचाने गया। उसके ऊपर लेट गया। हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगता रहा कि मुझे मार दो, बेटे को छोड़ दो। पढ़ें पूरी खबर…