जातिवाद एक अभिशाप है। हम सबका दायित्व है कि देश में फैले जातिवाद रूपी इस विष को एक साथ मिलकर खत्म करें। यह बात स्वयं सेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने कही। वह इन दिनों कानपुर के प्रवास पर हैं और यहां लोगों को संबोधित कर रहे थे। बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में हुए कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि जातिवाद रूपी विष समाज में लगातार बढ़ता जा रहा है। इसे एक साथ मिलकर ही खत्म किया जा सकता है। समाज में रहने वाले हर व्यक्ति को आगे आना होगा और समाज से जातिवाद की भावना को खत्म करना होगा। संघ के कार्यकर्ता लोगों को करें जागरुक सरकार्यवाह दत्तात्रेय ने आरएसएस द्वारा समाज के लिए पिछले 100 सालों में किए गए कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि संगठन हर वर्ग के व्यक्ति के साथ मिलकर समाज के उत्थान के लिए काम करता है। संघ के कार्यकर्ता आपस में कभी जातिवाद की भावना को नहीं लाते हैं। उन्होंने बताया कि संघ के कार्यकर्ता जो सालों से एक साथ काम कर रहे हैं, वह सिर्फ एक दूसरे को नाम से ही जानते हैं। सालों से काम करने वाले कार्यकर्ता भी एक दूसरे की जाति के बारे में नहीं जानते। यही भावना समाज को तरक्की के मार्ग पर ले जा सकती है। उन्होंने संगठन के लोगों से कहा कि वह समाज के आमजनों को भी जागरुक करें। पंच परिवर्तन के नियमों का करें अनुसरण संघ की बैठक के दौरान सरकार्यवाह ने संगठन के सदस्यों को पंच परिवर्तन के विषय में बताया। उन्होंने कहा कि यह पंच परिवर्तन का निवेदन तभी पूर्ण होगा, जब संपूर्ण समाज के प्रत्येक व्यक्ति इन नियमों का अपने जीवन में अनुसरण करेंगे। आप सब समाज के किसी न किसी क्षेत्र का नेतृत्व करते हैं, आप सब मिलकर अपने-अपने समाज क्षेत्र में अगर इस विषय को आगे बढ़ाएंगे तो समाज परिवर्तन राष्ट्र उत्थान सुनिश्चित है। बैठक में संघ की तरफ से सप्रांत प्रचारक राम, प्रांत संघ चालक भवानी भीख, सह प्रान्त प्रचारक मुनीश, सह क्षेत्र अनिल श्रीवास्तव, प्रान्त कार्यवाह रामकेश, प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ अनुपम, विभाग संघचालक श्याम बाबू गुप्ता, प्रदीप निगम, प्रभात वर्मा, सुनील सोनकर, महेंद्र सिंह तोमर, सुनील तिवारी, सरवन फांसी समेत विभिन्न लोग मौजूद रहे।