जालौन के कदौरा थाना क्षेत्र के धोबीपुरा मोहल्ले में सोमवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक ने अचानक तालाब में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंचे स्थानीय युवक और पुलिसकर्मियों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया। तालाब में कूदने वाले युवक की पहचान परशुराम (पुत्र भूप सिंह), निवासी रैला के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। इसी बीच, कदौरा निवासी अनीश, रहीश और किशन नामक तीन स्थानीय युवकों ने बिना देर किए अपनी जान जोखिम में डालते हुए तालाब में छलांग लगा दी। कीचड़ और ठंडे पानी के बावजूद उन्होंने लंबे समय तक चले बचाव अभियान के बाद परशुराम को बाहर निकालने में सफलता हासिल की। बचाव कार्य में शामिल युवकों ने बताया कि तालाब में गहराई और कीचड़ अधिक होने के कारण रेस्क्यू बेहद कठिन था। पुलिस और स्थानीय लोगों की सक्रियता से युवक की जान बच गई। थाना प्रभारी प्रभात सिंह ने बताया कि परशुराम की हालत नाजुक थी, जिसे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, अब उसकी हालत स्थिर है।ठंडे पानी में उतरने के कारण बचाव करने वाले तीनों युवकों की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक नशे की हालत में था और मानसिक रूप से परेशान लग रहा था। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच की जा रही है।