जीएसटी खाते में सेंध 703 करोड़ की फर्जी रिटर्न फाइल:रावतपुर में अज्ञात साइबर ठग पर मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में एक कारोबारी के जीएसटी खाते में सेंध लगाकर अज्ञात साइबर ठग द्वारा करोड़ों रुपये की फर्जी जीएसटी रिटर्न फाइल किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर सेल की जांच रिपोर्ट के आधार पर रावतपुर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रावतपुर के राधाबिहार निवासी उत्कर्ष सविता ने साइबर सेल को दी गई शिकायत में बताया कि उनके जीएसटी पंजीकरण से जुड़े मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी को बिना उनकी जानकारी के बदल दिया गया। आरोप है कि साइबर ठग ने गैरकानूनी तरीके से पुराने संपर्क विवरण हटाकर किसी अन्य मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी को दर्ज करा दिया, जिससे उनके जीएसटी खाते तक अनधिकृत पहुंच बना ली गई। पीड़ित के अनुसार यह घटना अक्टूबर 2025 के अंत में हुई। जब वह अपने जीएसटी आईडी से लॉगिन नहीं कर पाए तो उन्होंने जीएसटी हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद नवंबर 2025 में एसजीएसटी विभाग के अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि उनके जीएसटी खाते का दुरुपयोग करते हुए किसी अन्य फर्म के नाम से 703 करोड़ रुपये से अधिक की फर्जी जीएसटी रिटर्न फाइल की गई है। इस दौरान करीब 12 करोड़ 66 लाख 68 हजार 945 रुपये की टैक्स चोरी की धोखाधड़ी भी सामने आई है। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की, जिसमें प्राथमिक जांच में फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई। इसके बाद साइबर सेल की रिपोर्ट के आधार पर रावतपुर थाने में अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साइबर ठग की पहचान व पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।