लखनऊ के जीपीओ में शुक्रवार को ‘डाक सेवा समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया, जहां आम लोगों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में पोस्ट मास्टर जनरल सुनील कुमार राय स्वयं उपस्थित रहे और जनता की शिकायतों पर सीधी सुनवाई की। पोस्ट मास्टर जनरल ने बताया कि डाक सेवा समाधान दिवस की शुरुआत पिछले वर्ष 2 मई से की गई थी। इसका उद्देश्य डाक विभाग को एक सशक्त सेवा विभाग के रूप में जनता से सीधे जोड़ना और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। हर महीने तय तारीख पर होती है सुनवाई डाक विभाग की ओर से यह पहल हर महीने की पहली और तीसरी तारीख को आयोजित की जाती है। अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ, सीतापुर और रायबरेली मंडल के मंडलाध्यक्ष अपने-अपने कार्यालयों में बैठकर जनता की समस्याएं सुनते हैं। अधिकारियों का कहना है कि कोशिश रहती है कि शिकायतों का समाधान उसी दिन कर दिया जाए। यदि किसी कारणवश तुरंत निस्तारण संभव नहीं होता, तो संबंधित ग्राहक का मोबाइल नंबर लेकर लगातार फॉलो-अप किया जाता है, जब तक समस्या पूरी तरह हल न हो जाए। मेल, सेविंग बैंक, इंश्योरेंस से लेकर आधार-पासपोर्ट तक सेवाएं पोस्ट मास्टर जनरल ने बताया कि डाक विभाग केवल पत्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि मेल सेवाएं, सेविंग बैंक, इंश्योरेंस, आधार पंजीकरण और पासपोर्ट से जुड़ी सेवाएं भी प्रदान करता है। ऐसे में शिकायतों की प्रकृति भी विविध होती है। शुक्रवार को आयोजित समाधान दिवस में बीएफ (बेनिफिट फंड) और क्लेम से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं, जिनका मौके पर निस्तारण किया गया। प्रक्रिया रहेगी जारी, अधिक से अधिक लोग जुड़ें अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह पहल आगे भी अनवरत जारी रहेगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे डाकघर से जुड़ी किसी भी सेवा में समस्या होने पर समाधान दिवस के माध्यम से सीधे अधिकारियों तक पहुंचें और अपनी शिकायतों का भौतिक रूप से निस्तारण कराएं।