झांसी नगर निगम के उप सभापति पद के लिए भारतीय जनता पार्टी में लंबे मंथन के बाद सभासद आशीष तिवारी के नाम पर अंतिम सहमति बन गई। इसके साथ ही उन्हें निर्विरोध उप सभापति चुन लिया गया। इससे पहले इस पद के लिए कई दावेदार सामने आए थे, लेकिन अंत में पार्टी संगठन ने आशीष तिवारी पर विश्वास जताया और उनके नाम पर मुहर लगा दी। उप सभापति पद का चुनाव काफी समय से लंबित था। बीते दिनों 12 दिसंबर को चुनाव तिथि घोषित की गई, जिसके बाद नगर निगम में भाजपा के लगभग 10 सभासदों ने अपनी-अपनी दावेदारी पेश की। सदन में भाजपा के बहुमत को देखते हुए पहले से ही माना जा रहा था कि इस बार भी उप सभापति का चयन निर्विरोध ही होगा। चुनाव से पहले पार्टी संगठन स्तर पर कई दौर की चर्चा चली। नामांकन से ठीक पहले महापौर बिहारी लाल आर्य, भाजपा के सदर विधायक रवि शर्मा, विधान परिषद सदस्य रामतीर्थ सिंघल, डॉक्टर बाबूलाल तिवारी, रमा आरपी निरंजन और भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह नगर निगम पहुंचे, जहां सभी भाजपा सभासद मौजूद थे। इसी दौरान महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने औपचारिक रूप से घोषणा की कि उप सभापति पद के लिए पार्टी की ओर से उम्मीदवार आशीष तिवारी होंगे। इसके बाद आशीष तिवारी ने अपना नामांकन दाखिल किया। जांच और नाम वापसी की अवधि पूरी होने पर चुनाव अधिकारी ने बताया कि किसी अन्य ने नामांकन दाखिल नहीं किया है, इसलिए आशीष तिवारी को निर्विरोध उप सभापति घोषित किया जाता है। नगर आयुक्त ने उन्हें उप सभापति चुने जाने का प्रमाण पत्र प्रदान किया। घोषणा होते ही सभासदों और समर्थकों ने उन्हें फूल मालाएं पहनाकर बधाई दी।