झांसी में अखिलेश यादव के स्वागत को कार्यकर्ता उत्साहित:गुरुवार को पहुंच रहे पूर्व सीएम, होर्डिंग-पोस्टर से पटे समारोह स्थल,दीपनारायण सिंह भी सत्कार में जुटे

झांसी में निजी कार्यक्रमों में शामिल होने आ रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के स्वागत को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। हाल ही में झांसी की राजनीति में चर्चा के केंद्र रहे पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव भी स्वागत तैयारियों में सक्रिय नजर आ रहे हैं। बुधवार को वे पूर्व जिलाध्यक्ष महेश कश्यप के आवास पर पहुंचकर व्यवस्थाओं में हाथ बंटाते दिखे। तस्वीर में देखें दीपनारायण सिंह यादव का उत्साह गुरुवार को झांसी में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महेश कश्यप के भतीजे पंकज कश्यप की शादी है। इसी दिन पार्टी के वरिष्ठ नेता सीताराम यादव कन्हैया लाल की बेटी सरिता की भी बारात आनी है। इन दोनों समारोहों में शामिल होने के लिए अखिलेश यादव झांसी पहुंचेंगे। इसे लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। शहर में जगह-जगह पोस्टर, बैनर और होर्डिंग लगाए गए हैं, वहीं सोशल मीडिया पर भी समर्थक रील्स और पोस्ट के जरिए स्वागत संदेश दे रहे हैं। दो घंटे झांसी में रहेंगे अखिलेश यादव पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लखनऊ से सीधे दतिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से करीब 20 किलोमीटर का सफर तय कर वे दोपहर 1.30 बजे झांसी के सूती मिल क्षेत्र स्थित महेश कश्यप के आवास व विवाह स्थल पर पहुंचेंगे। यहां नवदंपती को आशीर्वाद देने के बाद वे परिसर में ही प्रेसवार्ता करेंगे।
इसके बाद शिवपुरी बाईपास स्थित दूसरे कार्यक्रम स्थल पहुंचकर सीताराम यादव कन्हैया लाल की बेटी व दामाद को आशीर्वाद देंगे। करीब दो घंटे झांसी में रुकने के बाद वे दोपहर 3.30 बजे वापस लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
प्रेसवार्ता में उठ सकते हैं अहम मुद्दे
जानकारों के अनुसार, अखिलेश यादव पत्रकारवार्ता में भाजपा सरकार की नीतियों और चुनाव सुधारों को लेकर उठाए जा रहे कदमों पर हमला बोल सकते हैं। साथ ही झांसी में पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव के खिलाफ दर्ज रंगदारी व लूट के मामलों पर भी प्रतिक्रिया दे सकते हैं।
होर्डिंग से पटे समारोह स्थल
सपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह यादव भोजला ने करारी क्षेत्र को अखिलेश यादव के स्वागत में होर्डिंग और बैनरों से पाट दिया है। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में कोई कमी न रह जाए।
कुल मिलाकर, अखिलेश यादव के आगमन को लेकर झांसी में राजनीतिक माहौल गर्म है और सपा खेमे में उत्साह चरम पर दिखाई दे रहा है।