झांसी में अमिताभ बच्चन का वोट, 2003 में मतदान किया!:वोटर लिस्ट में मिला नाम, मकान नंबर-54, पड़ोसी बोले- हमने सिर्फ फिल्मों में देखा, प्रशासन ने कहा लिस्ट भ्रामक है

झांसी में चल रही SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां वोटर लिस्ट में फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन का नाम मिला है। लिस्ट में उनके पिता हरिवंशराय बच्चन का नाम भी दर्ज है। जबकि उनके घर का नंबर 54 लिखा हुआ है। वोटर लिस्ट के अनुसार, अमिताभ बच्चन ने 2003 में मतदान भी किया था। दैनिक भास्कर की टीम जमीनी हकीकत जानने इलाके में पहुंची, तो स्थानीय लोगों ने कहा- हमने अमिताभ बच्चन को सिर्फ फिल्मों में देखा है, वो यहां कभी नहीं आए। मामला ओरछा गेट बाहर के कछियाना इलाके का है। दरअसल, पूरे प्रदेश में चल रहे एसआईआर में मतदाताओं से 2003 की वोटर लिस्ट में उनके परिजनों में से नाम मांगा जा रहा है। ऐसे में लगभग हर एक परिवार के पास 2003 की SIR वोटर लिस्ट है। इसमें कई लोगों को उनके नाम 2003 में वोट करने के बाद भी नहीं मिल रहे। अब जानते हैं पूरा मामला… ओरछा गेट बाहर के कछियाना मोहल्ले में वोटर लिस्ट में अमिताभ बच्चन पुत्र हरिवंशराय बच्चन का नाम मिला है। वोटर लिस्ट में उनका मकान नंबर 54 दर्ज है। साथ ही उनकी उम्र लिस्ट के अनुसार 76 साल है। जब यह जानकारी सामने आई कि बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन का नाम झांसी सदर विधानसभा-312 की वोटर लिस्ट में शामिल है, तो स्थानीय लोग हैरान रह गए। सभी का कहना है कि उन्होंने अमिताभ बच्चन को केवल फिल्मों में देखा है, मोहल्ले में रहने या आने की कोई जानकारी नहीं है। दैनिक भास्कर ने वोटर लिस्ट चेक तो भाग संख्या 1 में अमिताभ बच्चन का नाम साफ दर्ज मिला। उसी मकान नंबर 54 पर सुरेंद्र कुमार (76) पुत्र राजेश कुमार का नाम भी मौजूद है। दोनों मतदाताओं के नाम क्रमशः 543 और 544 नंबर पर दर्ज हैं। पड़ोसी बोले- अमिताभ बच्चन को फिल्मों में देखा है कछियाना मोहल्ले में मकान नंबर 54 की जगह अब एक मंदिर बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने कहा- इस इलाके में अमिताभ बच्चन नाम का कोई व्यक्ति कभी नहीं रहा। उनका कहना है कि जिस अभिनेता अमिताभ बच्चन को यहां का वोटर बनाया गया है, उन्हें हमने सिर्फ टीवी और फिल्मों में देखा है। इस पूरे मामले में एसडीएम सदर गोपेश तिवारी ने कहा कि आमिताभ बच्चन पुत्र हरिवंशराय बच्चन जैसा कोई भी नाम वर्तमान और पिछली मतदाता सूची में नहीं है। किसी ने सूची में छेड़छाड़ कर उसमें नाम जोड़ कर वायरल कर दिया है। BLO की लिस्ट में भी अमिताभ, पर नहीं आया फॉर्म झांसी सदर विधानसभा के भाग नंबर 1 के बीएलओ शाहबाज सिद्दीकी के पास साल 2003 में हुए एसआईआर की लिस्ट है, जिसमें क्रम संख्या 543 पर अमिताभ पुत्र हरिवंशराय का नाम दर्ज है। हालांकि, उस लिस्ट में अमिताभ का सरनेम बच्चन नहीं लिखा है। बीएलओ ने बताया कि अमिताभ का इस बार SIR फॉर्म भी नहीं आया है। दैनिक भास्कर की टीम ने अपडेट लिस्ट में दर्ज अमिताभ पुत्र हरिवंशराय को भी तलाशा लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। वहीं, प्रशासन का कहना है कि अमिताभ बच्चन वाले नाम की जो लिस्ट वायरल हो रही है, उससे किसी ने छेड़छाड़ कर सरनेम जोड़ दिया है। ————————- ये खबर भी पढ़ें… योगी बोले- शादी-बारात छोड़कर SIR में जुटें विधायक:घुसपैठियों के नाम हर हाल में कटवाएं, डिप्टी CM भी अपने 25 जिले संभालें सीएम योगी ने भाजपा के सांसद-विधायकों से कहा कि शादी-बारात छोड़कर SIR के काम में जुट जाएं। इस बात का ध्यान रखें कि एक भी रोहिंग्या, बांग्लादेशी घुसपैठिए का नाम वोटर लिस्ट में न रहे। उन्होंने दोनों डिप्टी सीएम को भी उनके प्रभार वाले 25-25 जिलों की जिम्मेदारी सौंपी। पढ़ें पूरी खबर…