झांसी में फंदे पर लटकी मिली 9वीं की छात्रा:मामा बोले- हत्या हुई, 8 साल पहले मां ने भी फांसी लगाई थी, पिता ने कर ली दूसरी शादी

झांसी में 9वीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी लाश कमरे के अंदर पंखे पर लटकी मिली है। मृतका के मामा का आरोप है कि छात्रा की हत्या की गई है। 8 साल पहले छात्रा की मां ने भी फांसी लगाकर जान दे दी थी। इसके बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। छात्रा अपने दादा-दादी और बड़े भाई के साथ रहती थी। दादा-दादी घर के बाहर थे, जबकि भाई ट्यूशन गया था। थोड़ी देर बाद भाई लौटकर आया तो बहन फंदे पर लटकी हुई थी। परिवार के लोग शव को फंदे से उतारकर अंतिम संस्कार की तैयारी कर चुके थे। सूचना पर पहुंचे मामा ने पुलिस बुला ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला रक्सा थाना क्षेत्र के पुनावली कलां गांव का है। मामा बोले- हमें फांसी की सूचना दी मृतका का नाम खुशी (15) पुत्री अरविंद गुर्जर था। वह रक्सा के पुनावली कलां गांव की रहने वाली थी। मृतका के मामा सतेंद्र गुर्जर ने बताया- मेरी बहन प्रियंका की शादी अरविंद गुर्जर से हुई थी। 2017 में बहन ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। बहन का 17 साल का बेटा देवेंद्र और 15 साल की बेटी खुशी अपने दादा-दादी के पास रहते थे। 5 साल पहले जीजा अरविंद ने दूसरी शादी कर ली। वो ग्वालियर में रहते हैं। शुक्रवार रात को फोन आया कि खुशी ने फांसी लगा ली। तब हम लोग देर रात पुनावली कलां गांव पहुंचे। यहां खुशी को फंदे से उतार लिया था। उसके अंतिम संस्कार करने की तैयारी थी। तब मैंने पुलिस को सूचना दी। उनका आरोप है कि भांजी की हत्या की गई है। दादा बोले- 3 दिन से डिप्रेशन में थी, सुसाइड किया मृतका के दादा जगदीश गुर्जर ने बताया- मेरी पोती बहुत ही समझदार थी। कभी कभी वो अजीब तरह की हरकतें करती थी। जैसे किसी से बोलती नहीं थी और आंखों से आंसू आते थे। तब एक तांत्रिक को दिखाया तो पता चला कि पोती पर उसकी मां का साया आ जाता है। पिछले तीन दिनों से पोती खुशी डिप्रेशन में थी। शुक्रवार को मैं खेत पर गया था। पत्नी घर के बाहर धान की रखवाली कर रही थी। पोता देवेंद्र ट्यूशन गया था, जबकि पोती घर के अंदर थी। जब पोता ट्यूशन पढ़कर लौटा तो उसने अपनी बहन से खाना मांगा। मगर उसने कोई जबाव नहीं दिया। जब कमरे में अंदर जाकर देखा तो खुशी फंदे पर लटकी थी। नीचे उतारा तो उसकी मौत हो चुकी है। पोती खुशी ने सुसाइड क्यों किया, ये नहीं बता सकते। हमें लगता है कि उस पर मां का साया आ जाता था। इस वजह से उसने जान दी है। पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम करा रहे हैं रक्सा थानाध्यक्ष रूपेश कुमार का कहना है कि खुशी की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पंचनामा भरकर शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा। पूरे मामले की जांच की जा रही है।