झांसी में विधायक ने बजाए मंजीरे, अधिकारियों ने किया डांस,VIDEO:होली के रंगों में रंगा झांसी, भोजपुरी और हरियाणवी गानों पर नाचे युवा

झांसी में होली का उत्साह चरम पर है। शहर के गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य सड़कों तक रंग और गुलाल की बौछार दिखाई दे रही है। बच्चे पिचकारी लेकर मस्ती कर रहे हैं तो महिलाएं भी एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की खुशियां साझा कर रही हैं। इसी बीच झांसी मंडल के कमिश्नर बिमल दुबे के आवास पर भी होली की खास धूम देखने को मिली। जिले के सभी आला अधिकारी उनके आवास पर पहुंचे, जहां सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। गीत-संगीत के बीच कई अधिकारी होली गीतों पर झूमते नजर आए। माहौल पूरी तरह से उत्सवमय और सौहार्दपूर्ण रहा। पांच तस्वीरों में देखें होली की मस्ती… बबीना विधायक ने मंजीरे बजाए, डांस किया
झांसी के ओम शांतिनगर स्थित बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने अपने समर्थकों के साथ धूमधाम से होली मनाई। सैकड़ों की संख्या में समर्थक और आमजन उन्हें होली की शुभकामनाएं देने पहुंचे। विधायक ने सभी के साथ जमकर रंग खेला।
डीजे पर बज रहे होली गीतों पर वह खुलकर थिरके और पारंपरिक अंदाज में मंजीरे भी बजाए। उनके आवास पर लोक गायकों को आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने फाग और होली के पारंपरिक गीत गाकर माहौल को और भी रंगीन बना दिया। सदर विधायक ने भी मनाई यादगार होली
झांसी की सदर विधानसभा से विधायक रवि शर्मा ने झोकनबाग स्थित अपने निजी आवास पर समर्थकों के साथ होली का आनंद लिया। सुबह से ही समर्थकों का आना शुरू हो गया था। विधायक ने समर्थकों संग जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। विवाह घर में हुई स्पेशल होली
झांसी के एक स्थानीय विवाह घर में भी भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यहां आने वाले लोगों के लिए डीजे और डांस फ्लोर का खास इंतजाम किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। बॉलीवुड, हरियाणवी और भोजपुरी गानों पर युवाओं ने जमकर डांस किया। आयोजकों की ओर से आर्टिफिशियल फव्वारों की व्यवस्था भी की गई थी। फव्वारों के नीचे भीगते हुए युवाओं ने रंग और पानी के बीच होली का भरपूर आनंद लिया। पूरे आयोजन में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।