झांसी में सड़क हादसे में युवक की मौत:रिश्तेदारी में जाते समय पुलिया से टकराईं बाइक, हादसे की सूचना मिलते ही पत्नी बेसुध

झांसी में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना टोडीफतेहपुर थाना क्षेत्र के ढुरबई गांव के पास हुई, जब दो युवक रात में रिश्तेदारी में जा रहे थे और उनकी बाइक पुलिया से टकरा गई। जानकारी के अनुसार, कस्बा टोडीफतेहपुर के मु० फतेहपुर निवासी सतेंद्र और दीपेंद्र बाइक से टहरौली की ओर जा रहे थे। रात करीब 8 बजे ढुरबई गांव के पास अचानक एक छोटा जानवर सामने आ गया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह पुलिया से जा टकराई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हल्का प्रभारी इंचार्ज मंगला सिंह और नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद कुशवाहा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अपने निजी वाहन से टहरौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने दीपेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सतेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक दीपेन्द्र के 2 पुत्र, एक 2 साल का जबकि दूसरा 7 माह का है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। सभी का रो रो कर बुरा हाल है। पत्नी बार बार बेसुध हो रही है।