झांसी में 3,910 ने छोड़ा यूपी पुलिस SI एग्जाम:28 सेंटर पर 9,120 देनी थी परीक्षा, नकल रोकने के लिए दिन भर निगरानी करते रहे अधिकारी

झांसी में शनिवार से पुलिस भर्ती परीक्षा शुरू हो गई। पहली पाली की परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। झांसी में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार को दो पालियों में आयोजित की गई। जिले के 28 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच परीक्षा संपन्न कराई गई। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और नकल पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल और पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह के साथ बुंदेलखंड महाविद्यालय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर बने कमांड कंट्रोल रूम का जायजा लिया और सीसीटीवी कैमरों के जरिए परीक्षा कक्षों की लाइव निगरानी भी देखी। साथ ही रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की भी जांच की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में नकल किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कक्ष निरीक्षकों को निर्देश दिए कि किसी भी डुप्लीकेट परीक्षार्थी को परीक्षा में शामिल न होने दिया जाए। जांच के बाद ही मिला प्रवेश… प्रवेश पत्र की गहन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश देने के निर्देश भी दिए गए।
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, एंड्रॉयड फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। परीक्षार्थियों की जांच के बाद उनके मोबाइल व अन्य सामान अलग कक्ष में जमा कराने की व्यवस्था की गई। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला शिक्षिकाओं द्वारा ही लेने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी, वॉइस रिकॉर्डर, बिजली, पेयजल, शौचालय और रैम्प जैसी व्यवस्थाओं की भी जांच की। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण करने के निर्देश दिए गए। ये रहा पहले दिन की परीक्षा का आंकड़ा
परीक्षा नोडल अधिकारी और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि भर्ती परीक्षा के लिए 9120 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। पहले दिन की प्रथम पाली में 5151 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 3969 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 5210 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 3910 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।