झांसी में दिल्ली बम धमाके के बाद पूरे शहर को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मुख्यालय से अलर्ट जारी होते ही एसएसपी, एसपी जीआरपी और आरपीएफ ने मोर्चा सम्भाल लिया है। भारी संख्या में पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी, बम निरोधी दस्ता और डॉग स्क्वायड वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पहुंच गए हैं। हर एक संदिग्ध को चेक किया जा रहा है। वहीं, एसपी जीआरपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने ट्रेन में चढ़कर सर्च ऑपरेशन को लीड किया। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन एसपी जीआरपी विपुल कुमार श्रीवास्तव एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी प्रीति सिंह, सीओ सिटी लक्ष्मीकान्त गौतम के साथ स्टेशन पर पहुंचे। वहीं, मौके पर डॉग स्क्वायड, बम निरोधी दस्ता भी आ गया। इसके बाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक, दो, तीन, चार और पांच पर यात्रियों के सामान का सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसके साथ ही वीआईपी वेटिंग रूम, लाउंज, अपर क्लास वेटिंग रूम, लॉबी समेत स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। साथ ही जो भी ट्रेन दिल्ली, मुम्बई और दक्षिण भारत की ओर से यहां पहुंची तो एसपी जीआरपी विपुल कुमार श्रीवास्तव पूरे दल बल के साथ ट्रेन चेक करने कोच में चढ़ गए। यहां भारी पुलिस बल देखकर एक बार को यात्री अचंभित हो गए। लेकिन, बाद में जब पता चला तो सभी ने राहत की सांस लेते हुए स्थिति को समझा।