टायर बदलते समय ट्रक ने पिकअप में मारी टक्कर:एक की मौत दो गंभीर रूप से घायल, किसान पथ ओवरब्रिज पर हादसा

लखनऊ के थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के ग्राम बरौना स्थित किसान पथ ओवरब्रिज पर बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टायर बदलने के दौरान सड़क किनारे खड़ी पिकअप को पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाराबंकी बदोसराय निवासी संजीव सिंह ने बताया कि पिकअप का दाहिने तरफ का टायर पंचर हो गया था। वाहन सवार सड़क किनारे खड़े होकर टायर बदल रहे थे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीन लोग गंभीर घायल हो गए। पिकअप में जोरदार टक्कर मारी जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची ने घायलों को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर, पीजीआई भिजवाया। इलाज के दौरान नहरखेड़ा निगोहां निवासी सुखई (28) की मौत हो गई। वहीं कप्तान (35) और अखिलेश उर्फ ऊदल (27) का इलाज चल रहा है। ट्रक ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी का कहना है कि मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव का पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद एनएचएआई को सूचना देकर पिकअप को सड़क किनारे हटवाया गया। फिलहाल पुलिस अज्ञात ट्रक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।