टेस्ट ड्राइव के बहाने महिंद्रा XUV लेकर भागे बदमाश:बाराबंकी में शोरूम कर्मचारी को गाड़ी से फेंका; CCTV में भागते दिखे

बाराबंकी में टेस्ट ड्राइव के बहाने 4 लड़के महिंद्रा की XUV कार लेकर भाग गए। उसमें बैठे सेकंड हैंड शोरूम के कर्मचारी को चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया। कर्मचारी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। सीसीटीवी फुटेज चेक किए। जिसमें आरोपी भागते हुए दिखे। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई हैं। मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के न्यू बाराबंकी कार बाजार का है।
अब जानिए पूरा मामला… मंगलवार शाम ग्राहक बनकर 4 लड़के पैदल ही सेकेंड हैंड गाड़ियों के शोरूम न्यू बाराबंकी कार बाजार पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक गाड़ियां देखीं और अंत में महिंद्रा की XUV-300 पसंद की। युवकों ने गाड़ी की कंडिशन जांचने के लिए टेस्ट ड्राइव की इच्छा जताई। कार बाजार का एक कर्मचारी उन चारों लड़कों के साथ गाड़ी में सवार होकर हाईवे की ओर निकला। करीब एक किलोमीटर जाने के बाद लड़कों ने कर्मचारी के साथ हाथापाई की। उसे चलती गाड़ी से सड़क पर धकेल दिया। इसके बाद वे कार लेकर भाग गए। XUV-300 की बेस प्राइस करीब 8 लाख है। घायल कर्मचारी ने तुरंत अपने मालिक शहीद को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। वारदात कार बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दिख रहा है कि 4 लड़के शोरूम पर पहुंचे। वह पैंट-शर्ट पहने थे। उनमें 2 ने जैकेट डाल रखी थी। बदमाशों के चेहरे और उनकी हरकतें कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं। जिससे पुलिस उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। कार बाजार संचालक ने नगर कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। ——————– ये खबर भी पढ़ें… कानपुर में कॉन्स्टेबल ने सरेआम ट्रांसजेंडर को किस किया:वीडियो वायरल होने पर गिड़गिड़ाया- नौकरी पर बन आई कानपुर में रील बना रही ट्रांसजेंडर को कॉन्स्टेबल ने सरेआम किस किया। ट्रांसजेंडर ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। उसने गाना लगाया- छैला बाबू तू कैसा दिलदार निकला…। वीडियो वायरल होने पर कॉन्स्टेबल ट्रांसजेंडर से वीडियो डिलीट करने की मिन्नतें कर रहा है। कॉन्स्टेबल ने उसकी पोस्ट पर लिखा- बहुत प्रॉब्लम हो रही है। नौकरी पर बात आ गई है। पढ़ें पूरी खबर…