फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसा हुआ। गांव सैदलपुर के पास एक तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम नगला सुर्खी निवासी 23 वर्षीय दीपक कुमार पुत्र मुन्नालाल के रूप में हुई है। दीपक सुबह अपनी बाइक से किसी काम से सिरसागंज की ओर जा रहा था। नेशनल हाईवे पर गांव सैदलपुर के पास सड़क पार करते समय एक टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर चोटों के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर यूपी डायल 112 और स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फिरोजाबाद भेजा। पुलिस ने घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दी। दीपक की मौत की खबर से नगला सुर्खी गांव में शोक फैल गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।