बरेली के भुता थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक ट्रक अचानक आग का गोला बन गया। कुछ ही सेकेंड में उठी लपटों ने पूरे ट्रक को अपनी गिरफ्त में ले लिया। अंदर फंसे ड्राइवर और कंडक्टर को देखकर लोग दहशत में थे। तभी भुता थाना प्रभारी रविंद्र कुमार और उनकी टीम ने बिना देर किए जान जोखिम में डालकर दोनों को बाहर निकाला। पुलिस की इस बहादुरी से दो जिंदगियां बच गईं। आग ने कुछ ही मिनटों में ले लिया विकराल रूप
लोगो के मुताबिक, चावल और मैदा से भरा ट्रक कुछ देर पहले ही रसूल चौराहे पर खड़ा हुआ था। अचानक उसके आगे वाले हिस्से से धुआं उठा और देखते ही देखते इंजन में भीषण आग भड़क गई। लपटें इतनी तेज थीं कि कोई पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। सामान से भरे ट्रक को आग ने चंद मिनटों में पूरी तरह घेर लिया। ड्राइवर-कंडक्टर अंदर फंसे, पुलिस बनी फ़रिश्ता
धुआं और लपटों के बीच ड्राइवर और कंडक्टर बुरी तरह फंस गए। जब तक वे कुछ समझ पाते, आग विकराल हो चुकी थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविंद्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालात बेहद खतरनाक थे, लेकिन पुलिस ने बिना समय गंवाए ट्रक तक पहुंच बनाई और दोनों को बाहर खींचकर सुरक्षित निकाला। आधे घंटे बाद काबू में आई आग
पुलिस की सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंचीं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। तब तक ट्रक में लदा चावल, मैदा और अन्य सामान जलकर खाक हो चुका था। लाखों का नुकसान हुआ है, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं।