आगरा के सैंया थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब युवक रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेजा है। मृतक की पहचान सैंया कस्बे की बघेल बस्ती निवासी लवकुश (22) पुत्र शिवप्रसाद के रूप में हुई है। यह घटना आगरा-झांसी रेलवे ट्रैक पर दखलीपुरा गांव के सामने हुई। लवकुश सैंया चौराहे से अपने घर जा रहा था और आगरा-ग्वालियर रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लवकुश अविवाहित था और अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सूचना मिलने पर सैंया पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया।