गोंडा में लोको पायलट (ट्रेन ड्राइवर) को पत्नी ने जमकर पीटा। पति सोफे पर बैठा था, पत्नी आई और बाल नोचकर उसका सिर झुकाया और पीठ पर लगातार कोहनी मारने लगी। इसके बाद उसे थप्पड़ और घूंसे भी मारे। इसके बाद किचन से पानी की बोतल लेकर आई और मारने दौड़ी। पति ने भागकर अपनी जान बचाई। पति से वो बार-बार अपना मोबाइल वापस मांग रही थी। इसके बाद बहू ने सास को भी सोफे पर बैठाकर पीटा। जमकर थप्पड़ और घूंसे मारे। घर में लगे सीसीटीवी में मारपीट की वारदात कैद हो गई है। पति को उसने 24 फरवरी और सास को 28 फरवरी को पीटा था। पति का कहना है कि वो बार-बार पुलिस बुला लेती है, इसलिए उसका मोबाइल ले लिया था। जिसके चलते उसने मारपीट की। सास का कहना है कि बहू ने मारपीट कर मुझे, मेरे पति और बेटी को घर से निकाल दिया है। वो बार-बार परिवार से अलग रहने की जिद कर रही है। हम पति-पत्नी ठेला लगाकार सब्जी बेचते हैं। बेटे को पढ़ा लिखाकर लोको पायलट बनाया। उसने एक साल पहले फेसबुक पर दोस्ती के बाद लव मैरिज कर ली। अब बहू हमें जीने नहीं दे रही। वह हमें अपने स्तर का नहीं समझती है। हमारे साथ रहने से मना करती है। सास ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज देकर बहू पर कार्रवाई की मांग की है। मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के रींवा गांव का है। पहले देखिए 3 तस्वीरें… अब पढ़िए पूरा मामला… रींवा गांव में गिरीश चंद्र मौर्या सब्जी बेचने का काम करते हैं। परिवार में पत्नी सरिता देवी के अलावा लोको पायलट बेटा बृजेश और बेटी बिंदू है। सरिता देवी ने बताया- बेटा बृजेश कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर लोको पायलट है। पिछले साल 14 फरवरी 2025 को उसने सोनी गुमटी की रहने वाली अनीता से लव मैरिज कर ली। पहले वो कानपुर में ही रहा। इसके 6 महीने बाद वो बहू को घर ले आया। शुरुआत में सबकुछ ठीक था। बाद में बहू का हम लोगों के प्रति रवैया बदल गया। बहू हमें आए दिन प्रताड़ित करने लगी। वो अलग रहने की जिद करके लगी और बंटवारे को लेकर मारपीट करने लगी। अब लोको पायलट की जुबानी घटना पढ़िए… पति बोला- कानपुर में भी झगड़ा करती थी
लोको पायलट बृजेश ने बताया- साल 2022 में हमारी फेसबुक पर दोस्ती हुई थी, जिसके बाद बातचीत शुरू हुई। 14 फरवरी 2025 को हमने शादी की। शादी से पहले वह कहती थी कि हम परिवार के साथ ही रहेंगे, लेकिन शादी के बाद अलग रहने की जिद करने लगी। मैं उसे कानपुर भी लेकर गया, मगर वहां भी झगड़े होते रहे। मैं पत्नी को दोबारा घर लाना नहीं चाहता था, लेकिन उसने पुलिस बुला ली और मुझे उसे साथ लाने के लिए मजबूर होना पड़ा। पति बोला- मुझे बोतल लेकर मारने दौड़ी
बृजेश ने बताया कि 24 फरवरी को मैं उसे घर छोड़ने आया। उससे कहा कि माता-पिता बुजुर्ग हैं, उन्हें कुछ न कहना। लेकिन इतना कहते ही वह मुझसे लड़ने लगी। उसने मुझे जमकर पीटा। बोतल लेकर मारने दौड़ी। मुझे गालियां भी दी। वो कहती है कि मैं अपने माता-पिता को पैसे न दूं। मैं किसी तरह समझाकर कानपुर चला गया तो उसने 4 दिन बाद मेरी मां को भी पीटा। ये सारी वारदात मेरे घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सास बोली- बहू ने जीना हराम कर दिया
बृजेश की मां सरिता ने कहा, 28 फरवरी को शाम 6 बजे बहू से अनबन हो गई। बहू ने कहा कि यह घर मेरा है, यहां मत रहो। मुझे हमारे बर्तन दे दो। हम कुछ नहीं कहेंगे। तुम्हें जहां जाना है वहां जाओ। हम तुम्हें रोकेंगे नहीं। ये कहते हुए उसने मुझे तीन थप्पड़ मार दिए। इसके बाद उसने मुझे और मेरे पति और बेटी को धक्के मारकर घर से निकाल दिया। पिता बोले- हम लोग फिर से सब्जी बेचने को मजबूर
ससुर गिरीश चंद्र मौर्या ने बताया- बहू हम लोगों को हमारे ही घर में घुसने नहीं दे रही। हम लोग पड़ोसी के घर में शरण लिए हैं। थक हारकर हम लोग पुलिस चौकी पहुंचे और वीडियो दिखाकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने कहा कि कोई मदद नहीं कर पाएंगे। हमारे पास उसकी मारपीट के सारे सबूत हैं। हम लोग पहले भी सब्जी बेचते थे, तब बेटे को इस काबिल बनाया। बेटे बहू के बीच कोई विवाद न हो इसलिए हम अभी भी सब्जी बेचकर अपना खर्च चलाने को मजबूर हैं। लेकिन बहू अब भी हमें नहीं छोड़ रही। मेरी बेटी पर उसने झूठा केस भी करा दिया है। नवाबगंज थाने के इंचार्ज अभय सिंह ने बताया- लोको पायलट के माता पिता ने शिकायत दी है। मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। शिकायत लेकर जांच की जा रही है। प्रयास किया जा रहा है कि आपसी बातचीत और समझौते के जरिए इसे सुलझा लिया जाए। ————————- ये खबर भी पढ़िए… बेटे ने मां-बाप, बहन और दादी की हत्या की:बहराइच में घर में कुल्हाड़ी से 30 मिनट तक मारता रहा, भाई की हालत गंभीर यूपी के बहराइच में युवक ने अपने माता-पिता, बहन और दादी को मार डाला। परिवार पर 30 मिनट तक कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार करता रहा। बीच-बचाव करने आए बड़े भाई की भी जान लेने की कोशिश की, लेकिन किसी तरह वो बच गया। 10 साल का भतीजा पूरी वारदात को छिपकर देखता रहा। चीख-पुकार सुनकर गांव वाले भागकर मौके पर पहुंचे तो मंजर देखकर दंग रह गए। पढ़िए पूरी खबर…