ट्रेलर ने मां-बेटी और भतीजी को कुचला, तीनों की मौत:गाजीपुर में सड़क जाम कर प्रदर्शन, शवों को हटाने से इनकार किया

गाजीपुर में ट्रेलर ने एक ही परिवार के चार लोगों को कुचल दिया, जिसमें मां-बेटी और भतीजी की मौत हो गई। बुधवार को बलिया में बहन के घर शादी थी। परिवार के चारों लोग एक ही बाइक से जा रहे थे। रास्ते में ट्रेलर को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक पलट गई। इसी दौरान तीनों महिलाएं ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की। जाम के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। एसडीएम, सीओ और तीन थानों की पुलिस मौके पर तैनात है। परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना बरेसर थाना क्षेत्र के बाराचवर चट्टी स्थित देसी शराब की दुकान के पास की है।
अब जानिए पूरा मामला मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के आबादान उर्फ बैरान गांव निवासी रणजीत चौरसिया अपने परिवार के साथ रहते थे। वह पान की दुकान चलाते थे। बुधवार को बलिया में बहन के घर शादी थी। शाम को दुकान बंद कर वह पत्नी कुसुम देवी (32), बेटी अनन्या (6) और भतीजी कीर्ति चौरसिया (8) के साथ बाइक से शादी में शामिल होने जा रहे थे। यूसुफपुर-बाराचवर मुख्य सड़क पर रणजीत ने आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से एक अन्य बाइक आ गई। उसे बचाने के प्रयास में रणजीत की बाइक असंतुलित होकर पलट गई।

बाइक पलटते ही कुसुम देवी, अनन्या और कीर्ति ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। रणजीत चौरसिया बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया, हालांकि आगे बरेसर पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे। जाम के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हादसे के बाद मोहम्मदाबाद के एसडीएम डॉ. हर्षित तिवारी, सीओ सुधाकर पांडे और तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों को समझाने का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस बल द्वारा हल्का लाठीचार्ज भी किया गया। प्रशासन लगातार परिजनों को मनाने में जुटा है।