ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक चालक की मौत:इटावा के समथर नहर कोठी के पास हुआ हादसा, परिजनों में शोक का माहौल

इटावा जिले के ताखा समथर वैवाह चौपाल मार्ग पर एक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। समथर नहर कोठी के पास ट्रैक्टर और बाइक की जोरदार टक्कर हुई, जिसमें बाइक चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह घटना शाम करीब 6:30 बजे हुई। मृतक की पहचान नीरज कुमार (27) पुत्र संतोष कुमार प्रजापति के रूप में हुई है, जो रजपुरा, जसवंतनगर का निवासी था। नीरज अपनी ससुराल नगला महासिंह जा रहा था, जहां उसके साले मलखन सिंह के बेटे सौरभ की शादी थी और वह बारात में शामिल होने वाला था। जानकारी के अनुसार, नीरज अपनी पल्सर बाइक से जा रहा था। समथर गांव के पास नहर कोठी के पास अहिवरनपुरा की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार पावर ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नीरज कुमार प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही ऊसराहार थानाध्यक्ष बलराज भाटी और सरैया चौकी प्रभारी केशव प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।