ट्रैफिककर्मी को बोनट पर 500 मीटर तक घसीटा:ग्रेटर नोएडा में घटना, आरोपी ड्राइवर की तलाश में पुलिस

ग्रेटर नोएडा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कार चालक ने यातायात पुलिसकर्मी को टक्कर मारकर अपनी गाड़ी के बोनट पर करीब 500 मीटर तक घसीटा। यह घटना बुधवार दोपहर बीटा टू थाना क्षेत्र के पी 3 गोल चक्कर पर हुई। यातायात पुलिसकर्मी गुरमीत अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, जहां वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण यातायात को नियंत्रित किया जा रहा था। इसी दौरान एक लाल रंग की हुंडई कार तेज रफ्तार से आई। पुलिसकर्मी गुरमीत और अन्य यातायात कर्मियों ने कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि वह जल्दी में है और रुकेगा नहीं। जब गुरमीत ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से यातायातकर्मी गुरमीत गाड़ी के बोनट पर गिर गए। कार ड्राइवर उन्हें बोनट पर ही 400 से 500 मीटर तक घसीटता रहा, इस दौरान गुरमीत चिल्लाते रहे। लगभग 500 मीटर आगे जाकर चालक रुका, गुरमीत को बोनट से नीचे फेंका और गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। इस घटना में पुलिसकर्मी गुरमीत को चोटें आई हैं। उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर गाड़ी नंबर के जरिए अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब कार नंबर के आधार पर आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है।