अयोध्या के लता मंगेशकर चौक पर उस समय हंगामा मच गया जब ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने एक ट्रैक्टर चालक युवक के साथ कथित अभद्रता और मारपीट की। पूरी घटना मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल में कैद कर ली, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित युवक के अनुसार वह पुराने पुल से नया घाट की ओर ट्रैक्टर पर बांस का गट्ठर (बॉस) लादकर जा रहा था। लता मंगेशकर चौक पर ट्रैफिक पुलिस ने उसे बीच सड़क पर रोक लिया। युवक का आरोप है कि बिना कोई कारण बताए पुलिसकर्मियों ने उसका कालर पकड़कर घसीटा, धक्का-मुक्की की और अपशब्द कहते रहे।
वीडियो में देखा जा रहा है कि नयाघाट पुलिस चौकी के सामने युवक सड़क किनारे खड़ा होकर फूट-फूटकर रो रहा है और बार-बार कह रहा है, मैंने कुछ गलत नहीं किया। हमें बिना वजह बेइज्जत कर दिया। मुझे घर जाना है।”मौके पर मौजूद राहगीरों और पर्यटकों ने पुलिसकर्मियों का विरोध किया। कुछ लोगों ने यह चेतावनी दी कि पूरा वाकया रिकॉर्ड हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद पुलिसकर्मी मनमानी करते रहे।
लोगों का कहना है कि लता मंगेशकर चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिस अक्सर आम नागरिकों के साथ दबंगई का व्यवहार करती है। राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में पर्यटकों की भारी भीड़ रहती है, जिसके चलते यहां ट्रैफिक व्यवस्था सख्त है, लेकिन कई बार यह सख्ती अभद्रता में बदल जाती है।
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई हो सकती है ।राम की नगरी में पुलिस की इस शर्मनाक हरकत ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।