बरेली शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बड़ा हादसा कर दिया। रुहेलखंड पुलिस चौकी के पास एक तेज रफ्तार फोर्ड इकोस्पोर्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल हिल गया और कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार रईसजादे नशे में इस कदर धुत थे कि उन्हें अपनी जान की परवाह तक नहीं थी। नशे में खोया संतुलन, बाल-बाल बचे कार सवार
हादसे के वक्त कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सड़क छोड़कर सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार लहराते हुए आई और सीधे खंभे में जा घुसी। सूचना मिलते ही रुहेलखंड चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और कार का दरवाजा खोलकर अंदर फंसे दो युवकों को बाहर निकाला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार सवार लोग शराब के नशे में डूबे हुए थे, जिसके कारण वे स्टीयरिंग पर नियंत्रण खो बैठे। गनीमत यह रही कि उस वक्त सड़क पर कोई दूसरा वाहन या पैदल यात्री सामने नहीं आया, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। दहशत में आए राहगीर, पुलिस जांच में जुटी
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि फोर्ड इकोस्पोर्ट को इतनी बेतरतीब तरीके से चलाया जा रहा था कि दूर से ही लोग सहम गए थे। जब कार डिवाइडर पर चढ़ी तो तेज आवाज के साथ चिंगारियां उठीं। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कार किसकी है और नशे की हालत में ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।