डीएम ने शीतलहर में रैन बसेरों, अलाव का निरीक्षण किया:नवाबगंज में व्यवस्थाएं परखीं, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

बाराबंकी में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी रैन बसेरों में स्वच्छता, समुचित प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही, अलाव स्थलों पर नियमित रूप से जलावन की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि ठंड से बचाव में कोई लापरवाही न हो। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अलाव स्थलों पर मौजूद लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने अलाव जलने की स्थिति, समयबद्धता और व्यवस्थाओं के संबंध में प्रतिक्रिया प्राप्त की। रैन बसेरों में ठहरे जरूरतमंदों से भी उपलब्ध सुविधाओं, कंबल वितरण और रात्रि प्रवास की व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। डीएम ने निर्देशित किया कि कोई भी व्यक्ति खुले में, फुटपाथों, सड़कों या रेलवे पटरियों पर सोता हुआ न मिले। इसके लिए नगर निकायों और संबंधित विभागों को सक्रिय रहकर ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर रैन बसेरों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान रेलवे स्टेशन परिसर, छाया चौराहा और बंकी ब्लॉक के सामने स्थापित अस्थायी रैन बसेरों का निरीक्षण किया गया। विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जल रहे अलावों का भी अवलोकन किया गया। डीएम ने जोर देकर कहा कि शीतलहर के दौरान मानव जीवन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।