शहर के प्रतिष्ठित डी.ए-वी. कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डा. डी. पी. राव ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर संस्थान का नाम रोशन किया है। उन्हें दुनिया की प्रतिष्ठित संस्था रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री (आरएससी), लंदन का सदस्य नियुक्त किया गया है। कॉलेज के इतिहास में यह पहला अवसर है जब रसायन विज्ञान विभाग के किसी प्रोफेसर को इस वैश्विक संस्था की सदस्यता से नवाजा गया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल कॉलेज प्रशासन बल्कि पूरे शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है। डा. डीपीराव वर्तमान में डीएवी कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत होने के साथ-साथ आईक्यूएसी, समर्थ और यू.पी. प्रमाण के कोऑर्डिनेटर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। उनका अकादमिक और शोध करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। अब तक उनके 80 से अधिक शोध पत्र एल्सेविएर, स्प्रिंगर और टेलर एंड फ्रांसिस जैसे दुनिया के दिग्गज प्रकाशकों द्वारा प्रकाशित किए जा चुके हैं। शोध के क्षेत्र में उनकी नवीन सोच का प्रमाण उनके नाम दर्ज 10 से अधिक पेटेंट हैं। उनका मुख्य शोध कार्य ‘ट्रांजीशन मेटल केमिस्ट्री’ के क्षेत्र में केंद्रित है, जो आधुनिक रसायन विज्ञान की एक जटिल और महत्वपूर्ण शाखा है। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दीक्षित ने इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि डा. राव की यह नियुक्ति उनके वर्षों के कड़े परिश्रम और उत्कृष्ट शोध कार्य की परिणति है। उन्होंने बताया कि रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री का सदस्य बनना किसी भी रसायन शास्त्री के लिए एक बड़ा सपना होता है। यह सम्मान मिलने से कॉलेज के अन्य शिक्षकों और छात्रों को भी शोध के क्षेत्र में बेहतर करने की प्रेरणा मिलेगी। बता दें कि,रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री (आरएससी) यूनाइटेड किंगडम स्थित एक विश्वविख्यात संगठन है, जिसका प्राथमिक लक्ष्य रासायनिक विज्ञान को बढ़ावा देना और इसे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। वर्ष 1841 में स्थापित इस संस्था का मुख्यालय लंदन के ऐतिहासिक बर्लिंगटन हाउस में है। यह संस्था दुनिया भर के वैज्ञानिकों को उनके विशिष्ट योगदान के आधार पर चार्टर्ड साइंटिस्ट और पंजीकृत वैज्ञानिक जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित करती है।