बरेली में एक दुकानदार के परिवार पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुई यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। चंद्रमणि नगर निवासी राजाराम ने बताया कि 18 जनवरी की शाम वह अपनी परचून की दुकान पर बैठे थे। तभी मोहल्ले का अविनाश उर्फ कालिया तलवार लेकर वहां पहुंचा। आरोपी ने बिना किसी उकसावे के राजाराम पर तलवार से हमला कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए राजाराम किसी तरह घर में घुस गए, लेकिन हमलावर ने पीछा नहीं छोड़ा। आरोपी अविनाश ने घर का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर घुसकर राजाराम के परिवार के अन्य सदस्यों पर भी तलवार से हमला किया। घर में चीख-पुकार मच गई और पूरा परिवार दहशत में आ गया। हमले की यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। आसपास के लोग जब मौके पर पहुंचे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। घटना के बाद मोहल्ले में भय का माहौल है। पीड़ित की तहरीर पर इज्जतनगर पुलिस ने अविनाश उर्फ कालिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।