बहराइच में तेंदुए ने 6 साल की बच्ची को मार डाला। घर के आंगन में खेल रही बच्ची को तेंदुआ दबोचकर खेत की तरफ जाने लगा। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन और गांव वाले उसके पीछे भागे। इसके बाद तेंदुआ बच्ची को गन्ने के खेत में छोड़कर भाग गया। बच्ची के गले और चेहर पर गंभीर घाव के निशान थे। परिजन उसे सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मामला कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के थाना सुजौली क्षेत्र का है। ग्राम पंचायत चफ़रिया के मोहकम पुरवा गांव निवासी राजू गौतम की 6 वर्षीय बेटी सहजल घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान जंगल से निकलकर एक तेंदुआ घर में घुस आया और बच्ची को दबोचकर पास के गन्ने के खेत में ले जाने लगा। बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण लाठी और डंडे लेकर उसके पीछे दौड़ पड़े। तेंदुआ बच्ची को घायल हालत में खेत में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। परिजन बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां उसकी हालत अत्यंत नाजुक पाई गई। बच्ची के गले और चेहरे पर गहरे जख्म थे। डॉक्टर आरपी सिंह ने प्राथमिक उपचार शुरू किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बच्ची की मौत हो गई।