दबंगों ने परिवार पर लाठी-डंडों से किया हमला, VIDEO:शाहजहांपुर में महिला ने हाथ से रोका डंडा, मकान का गेट बंद कर बचाई जान

शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र के मौजमपुर गांव में देर रात दबंगों ने गुड्डी देवी और अनिल के परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के कई सदस्यों को चोटें आई हैं। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित परिवार ने हमलावरों से बचने के लिए अपने मकान का लोहे का गेट बंद कर दिया था। हालांकि, दबंगों ने जबरन गेट खोल लिया और अंदर घुसकर मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि हमले के दौरान एक महिला ने गेट के अंदर खड़े होकर डंडे को अपने हाथ से पकड़ लिया। वीडियो में एक पीड़ित महिला दबंगों से हमला न करने की गुहार लगाती दिख रही है। एक युवक यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि दबंग उसे गांव में रहने नहीं दे रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, हमले के पीछे के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।