हरदोई के संडीला कोतवाली क्षेत्र में एक दलित ई-रिक्शा चालक को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। उन्नाव रोड बस अड्डे के पास हुई इस घटना में ई-रिक्शा चालक मुंशीलाल पासी गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। औरास थाना क्षेत्र के पेरऊरी गांव निवासी मुंशीलाल पासी संडीला से उन्नाव बॉर्डर तक ई-रिक्शा चलाते हैं। वह खाली रिक्शा लेकर नहर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दो भाइयों आदर्श गुप्ता और शिवा गुप्ता ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने गाड़ी में टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए मुंशीलाल को ई-रिक्शा से उतारकर बाइक पर लिटाया। कमर और शरीर पर कोहनी से मारा। जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना होते देख स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मुंशीलाल को एम्बुलेंस से सीएचसी संडीला भेजा गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि संडीला कोतवाली पुलिस ने उनकी तहरीर लेने के बावजूद तत्काल कार्रवाई करने के बजाय अगले दिन आने को कहा। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि मामला दलित वर्ग से जुड़ा होने के बावजूद पुलिस द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। इस बीच, हरदोई पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर बताया है कि इस मामले की जांच के लिए प्रभारी निरीक्षक संडीला को निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने यह भी कहा कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।