दहेज के लिए गर्भवती की पिटाई, गर्भपात हुआ:पीलीभीत में पति समेत पांच पर केस दर्ज, 5 लाख रुपए की मांग की थी

पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने एक गर्भवती महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना के कारण महिला का गर्भपात हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोहल्ला इनायतगंज निवासी प्रियांशी जैसवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका विवाह 2 अप्रैल 2025 को बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अधलखिया निवासी अविनाश पटेल से हुआ था। प्रियांशी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति अविनाश, ससुर रामबाबू, सास मायादेवी, जेठ विकास और ननिया ससुर जसवीर सिंह उन्हें कम दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। ससुराल पक्ष लगातार एक बाइक और पांच लाख रुपए नकद की मांग कर रहा था। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने पहले उनके पिता से एक लाख रुपए उधार लिए थे। जब यह राशि वापस मांगी गई, तो विवाद और बढ़ गया। बीती 13 जनवरी को दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने प्रियांशी की बेरहमी से पिटाई की। गर्भवती होने के बावजूद उन्हें लात-घूंसों से मारा गया। प्रियांशी के अनुसार, ससुरालियों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से दुपट्टे से गला दबाने की कोशिश की। पेट पर गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी हालत बिगड़ गई और उनका गर्भपात हो गया। मारपीट के बाद पीड़िता को बदहवास हालत में घर से निकाल दिया गया। किसी तरह अपने मायके पहुंचने के बाद उन्होंने परिजनों को पूरी घटना बताई और फिर थाने में शिकायत दर्ज कराई। सुनगढ़ी थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी ने जानकारी दी कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।