बिजनौर में दामाद ने सास-ससुर और पत्नी को बेहोश करके 40 किलो चांदी और 90 तोला (900 ग्राम) सोना चुराया। घटना के 2 दिन बाद पुलिस ने दामाद को गिरफ्तार करके मामले का खुलासा किया। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया है। उसके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और नशीली गोलियां बरामद की हैं। सोनार के पास से 30 किलो चांदी की सिल्ली भी बरामद की है। घटना नहटौर थाना क्षेत्र में डाकघर के पास की है। अब पढ़िए पूरा मामला… सर्राफा व्यापारी संतोष वर्मा नहटौर थाना क्षेत्र में डाकघर के पास रहते हैं। उन्होंने डेढ़ साल पहले मूकबधिर बेटी की शादी हल्दौर क्षेत्र के कुम्हारपुरा निवासी नवीन कुमार से की थी। गलत चाल-चलन के कारण संतोष ने नवीन के ससुराल आने पर रोक लगा दी थी। हाल ही में कुछ दिन पहले उसने अपनी गलती मानते हुए दोबारा सास-ससुर के साथ रहने की गुहार लगाई थी, जिस पर उसे रहने की इजाजत मिल गई थी। बुधवार रात को दामाद नवीन ने सास रंजना देवी, ससुर संतोष वर्मा और पत्नी स्वाति को खाने में नशीली दवा मिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद वह घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। 30 किलो चांदी की सिल्ली मिली
पुलिस ने शनिवार को घटना का खुलासा करते हुए आरोपी दामाद नवीन चौहान और उसके साथी कुनाल, शिवम चौहान और शिवम सैनी को गिरफ्तार किया है। एसपी ग्रामीण प्रकाश कुमार ने बताया कि 26 फरवरी को नहटौर के रहने वाले संतोष वर्मा ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उनके दामाद नवीन चौहान ने उनके घर से करीब 40 किलो चांदी और करीब 900 ग्राम सोने के जेवर चोरी किए। इस मामले में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। शनिवार को नवीन चौहान और उसके 2 साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से 2 किलो 170 ग्राम पीली धातु के जेवर, 50 ग्राम पीली धातु का बिस्किट और 10 ग्राम का एक पीली धातु का सिक्का और 2 लाख 80 हजार रुपए नकद और ढाई लाख रुपए के दो बैंक डिपॉजिट बरामद किए हैं। साथ ही उसकी निशानदेही पर सुनार को भी गिरफ्तारी किया है, जिसके यहां चांदी को गलाया गया था। उसके पास से 30 किलो चांदी की सिल्ली भी बरामद की है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करके जेल भेजा गया। ———————— ये खबर भी पढ़ें सपा नेता ने दरोगा का कॉलर पकड़ा, धक्का दिया, चित्रकूट में पुलिस को गालियां दीं, इंस्पेक्टर देखते रहे चित्रकूट में सपा नेता ने दरोगा से बीच सड़क बदसलूकी की। कॉलर पकड़कर गालियां देने लगा। 4 पुलिसवालों के सामने दबंग ऑन ड्यूटी दरोगा को कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की करता रहा। कहता रहा कि मुझे आतंकवादी बनाने की कोशिश मत करो। थाने में बुलाओगे। बैठाकर रखोगे। पूरी खबर पढ़ें