दिल्ली धमाके के बाद कन्नौज में प्रशासन अलर्ट:डीएम-एसपी ने गश्त किया, भीड़भाड़ वाले इलाकों में संदिग्धों से की पूछताछ

दिल्ली में हुए बम धमाके को लेकर कन्नौज प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। डीएम-एसपी ने फोर्स के साथ भीड़भाड़ वाले एरिया का निरीक्षण किया और संदिग्धों से पूछताछ की। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री आए एसपी बिनोद कुमार ने शहर के रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, तिर्वा मेडिकल कॉलेज समेत भीड़भाड़ वाले एरिया में पैदल गश्त किया। यहां संदिग्ध नजर आने वाले लोगों से पूछताछ की। बड़ी तादात में पुलिस फोर्स और जिले के अधिकारियों को सड़कों पर देखकर लोग ठिठक गए। हालांकि बाद में जब उन्हें पता चला कि दिल्ली में सोमवार शाम हुए धमाके के कारण यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया। जिसके बाद से प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी सड़कों पर निकल आए। रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंच कर अधिकारियों ने गहनता से निरीक्षण किया। यहां डॉग स्क्वायड की टीम भी साथ रही। इसके बाद भारी फोर्स के साथ अधिकारी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से बात की। हालांकि निरीक्षण के दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। फोर्स देखकर धीमे हो गए बाइक और कारों के पहिए- सोमवार देर रात एसपी बिनोद कुमार, एडिशनल एसपी अजय कुमार, कोतवाली प्रभारी जितेन्द्र प्रताप फोर्स के साथ बस स्टैंड पर पहुंचे। यहां बस स्टैंड के बाहर फोर्स देखकर बाइक और कार सवार लोग ठिठक गए। वाहन चेकिंग की आशंका के चलते पहले तो ब्रेक लगाए, लेकिन फिर वाहन निकाल ले गए।