दिल्ली ब्लास्ट के बाद कासगंज में हाई अलर्ट:एसपी ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया, चेकिंग अभियान जारी

दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसी क्रम में कासगंज जिले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकिता शर्मा ने पुलिस टीम के साथ शहर के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मुख्य मार्गों पर फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध दिखने वाले लोगों से पूछताछ की और उनकी तलाशी ली। एसपी के निर्देश पर, पुलिस शहर के होटलों, ढाबों और गेस्ट हाउसों में भी जांच कर रही है। यहां रुकने वाले लोगों के रजिस्टर चेक किए जा रहे हैं और उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि दिल्ली की घटना के मद्देनजर पूरे उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट है। कासगंज जिले में भी सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल और गेस्ट हाउस में विशेष चेकिंग की जा रही है। एसपी ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत 112 नंबर पर या स्थानीय थाने में पुलिस को सूचित करें।