दिल्ली ब्लास्ट के बाद बरेली में हाई अलर्ट:रेलवे स्टेशन पर तैनात भारी पुलिस फोर्स, ADG,DM और SSP ने की चेकिंग

दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसी कड़ी में सोमवार को बरेली में भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई। बरेली जंक्शन पर एडीजी जोन रमित शर्मा, डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य खुद सड़कों पर उतरे। रेलवे स्टेशन परिसर में बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, RPF और GRP की टीमों ने मिलकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। स्टेशन पर मौजूद हर पार्सल, बैग और संदिग्ध वस्तु की गहन जांच की जा रही है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ी सतर्कता
एडीजी जोन रमित शर्मा ने बताया कि प्रदेशभर में सतर्कता बरतने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत बरेली जोन के सभी जिलों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि हर भीड़भाड़ वाले इलाके- रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, बाजार और धार्मिक स्थलों पर पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। रमित शर्मा ने कहा, “इस पूरे अभियान का उद्देश्य जनता में भरोसा बनाए रखना है। कहीं कोई अफवाह न फैले, इसलिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। साथ ही चेकिंग से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई असामाजिक तत्व सक्रिय न हो सके।” डीएम बोले- पूरी सतर्कता बरती जा रही है
डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि शासन से मिले निर्देशों के बाद एडीजी के नेतृत्व में सभी अफसर फील्ड पर उतर गए हैं। उन्होंने कहा, “जहां भीड़भाड़ वाले स्थान हैं जैसे रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, बाजार आदि, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड टीमों को तैनात कर दिया गया है। सभी अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और लगातार सड़कों पर गश्त जारी है।” डीएम ने कहा कि बरेली एक संवेदनशील जिला है, जहां एयरफोर्स स्टेशन और छावनी क्षेत्र भी है, इसलिए अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मिलकर शहर के हर कोने पर नजर रखे हुए हैं। एसएसपी बोले- हर थाने को हाई अलर्ट पर रखा गया
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जिले के सभी थानों को सतर्क कर दिया गया है। प्रत्येक थाने की पुलिस अपने क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, मॉल और धार्मिक स्थलों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता जनता की सुरक्षा है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत संबंधित थाने को देने की अपील की गई है। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर चौकसी बढ़ाई गई है।” हर संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर
एसएसपी के नेतृत्व में शहरभर में पुलिस बल को सक्रिय कर दिया गया है। सभी थानों को अपने-अपने इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सिविल लाइंस, डेलापीर, सीबीगंज और बारादरी क्षेत्र में अभियान चलाया। जनता से की अपील-अफवाहों पर ध्यान न दें
अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अफवाहों पर ध्यान न दें और सहयोग बनाए रखें। पुलिस ने कहा है कि सुरक्षा इंतजामों को लेकर किसी को घबराने की जरूरत नहीं है, हर स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है।