दिल्ली में लाल किले के पास हुए ब्लास्ट के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इसी क्रम में बाराबंकी में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय और एसडीएम आनंद तिवारी के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। आगामी वीवीआईपी कार्यक्रम और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को देखते हुए यह अभियान चलाया गया। पुलिस ने जिले के रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, होटलों, लॉज, ढाबों और प्रमुख मार्गों पर गहन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की बारीकी से जांच की गई। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस चेकिंग अभियान में उपजिलाधिकारी नवाबगंज, क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार, कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक, महिला थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल बाराबंकी में सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर आयोजित एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसे देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।