मेरठ फुटबॉल संघ की ओर से तोपखाना फुटबॉल ग्राउंड पर आयोजित दुर्गा सिंह ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता के सातवें दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता लीग आधार पर खेली जा रही है, जिसमें जीत पर 3 अंक, ड्रॉ पर 1-1 अंक और हार पर शून्य अंक दिए जा रहे हैं। दिन का पहला मुकाबला अजेक्स एफसी और जैनेक्स एफसी के बीच खेला गया। मैच का पहला हाफ गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ। दूसरे हाफ के 20वें मिनट में अजेक्स एफसी के अन्वेषण ने शानदार गोल दागकर टीम को 1-0 से जीत दिलाई। निर्णायक गोल के साथ बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अन्वेषण को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मैच के मुख्य अतिथि मेरठ फुटबॉल संघ के अध्यक्ष गौरव सिंह रहे। मुकाबले के निर्णायक गुरदेव सिंह तथा सह-निर्णायक आकाश भटनागर और दानिश अहमद रहे। दूसरा मुकाबला एबीसीडी एफसी और स्पार्टन एफसी के बीच खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन कोई भी गोल नहीं कर सकीं। दूसरे हाफ में स्पार्टन एफसी ने शानदार खेल दिखाते हुए 15वें मिनट में कृष्णा, 25वें मिनट में अमित, 28वें मिनट में फिर कृष्णा और अंतिम क्षणों में पेनल्टी पर निश्चय के गोल से 4-0 की बड़ी जीत दर्ज की। इस मैच में स्पार्टन एफसी के कृष्णा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मैच के मुख्य अतिथि वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी वेद प्रकाश शर्मा और सेवानिवृत्त मेरठ विकास प्राधिकरण अधिकारी दिलीप गुप्ता रहे। निर्णायक की भूमिका विक्रांत राजपूत ने निभाई, जबकि सह-निर्णायक दानिश अहमद और अर्पण रहे। प्रतियोगिता के दौरान वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी अमरजीत सिंह बाबू, सुधीर भटनागर, आकाश भटनागर सहित निर्णायक पैनल का सहयोग रहा। दोनों मैचों के दौरान सचिव ललित पंत, सह सचिव हरीश ठाकुर सहित कई वरिष्ठ खिलाड़ी और कोच उपस्थित रहे। आयोजन सचिव हरीश ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत कल दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच एमवाईएफए एफसी बनाम चंदा एफसी और दूसरा मुकाबला ई-लाइट एफसी बनाम मेरठ स्पोर्टिंग के बीच होगा।