देवरिया में दीवार गिरी, एक मिस्त्री की मौत:दूसरा घायल, कच्ची दीवार को तोड़ते समय हादसा

देवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र के सिगही गांव में रविवार को एक हादसा हुआ। मिट्टी की पुरानी दीवार गिरने से दो राजगीर मिस्त्री उसकी चपेट में आ गए, जिसमें एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, सिगही गांव निवासी फतिमन गोड़ (50) पुत्र रामबचन और भवन आसान (60) पुत्र तूफानी जद्दू परसिया गांव में एक मकान की पुरानी मिट्टी की दीवार तोड़कर नई दीवार बनाने का काम कर रहे थे। रविवार शाम करीब चार बजे अचानक कमजोर मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे के नीचे दबने से दोनों मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मिस्त्रियों को मलबे से बाहर निकाला। घायलों को तत्काल इलाज के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान फतिमन गोड़ की हालत बिगड़ गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे मिस्त्री भवन आसान को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मिस्त्री की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।