देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर गांव में पेंटिंग का काम कर रहे एक मजदूर की छज्जा टूटने से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोहनपुर गांव निवासी सत्य प्रकाश कुशवाहा (40) पुत्र रामानंद कुशवाहा पेशे से पेंटर थे। वह पिछले लगभग तीन माह से गांव के ही एक मकान में पेंटिंग का काम कर रहे थे। शनिवार शाम चार बजे पेंटिंग करते समय अचानक मकान का छज्जा टूट गया, जिससे सत्य प्रकाश नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद, मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल सत्य प्रकाश को तत्काल भाटपार रानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, हालत में सुधार न होने पर उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सत्य प्रकाश अपने दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई विजय बहादुर कुशवाहा खेती करते हैं। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी सोनम देवी और मां कैलाशी देवी हैं।चिकित्सकों की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।