देवरिया में सड़क हादसे में युवक की मौत:गुजरात से 5 दिन पहले लौटा था घर, सिर पर गंभीर चोट आने से गई जान

देवरिया के भाटपार रानी थाना क्षेत्र के फुलवरिया चौराहे पर रविवार शाम एक सड़क हादसे में धनवंत राजभर की मौत हो गई। धनवंत राजभर गुजरात की एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत थे और पांच दिन पहले ही अपने घर लौटे थे। धनवंत राजभर खुखुंन्दू थाना क्षेत्र के मगराईच गांव के निवासी थे। वह रविवार शाम अपने साले धनंजय के साथ बाइक से ससुराल गोरया से फुलवरिया चौराहे की ओर जा रहे थे। चौराहे के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिसके बाद एक तेज रफ्तार वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद धनवंत सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। भाटपार रानी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने धनवंत राजभर को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, धनवंत राजभर कई वर्षों से गुजरात की एक निजी फैक्ट्री में काम कर रहे थे और परिवार से मिलने छुट्टी पर घर आए थे। उनके परिवार में पत्नी राजकुमारी और बेटी नंदनी हैं। परिजनों ने बताया कि घर आने के बाद वह रिश्तेदारी में मिलने गए थे, तभी यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।