देवरिया जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक आठ वर्षीय बच्ची से छेड़खानी का मामला सामने आया है। बच्ची के पिता ने मोहल्ले के एक दुकानदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए रविवार देर शाम सदर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित बच्ची के पिता ने पुलिस को बताया कि वे शहर के एक मोहल्ले में किराए के मकान में रहते हैं और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके घर के पास ही आरोपी व्यक्ति जनरल स्टोर की दुकान चलाता है। पिता का आरोप है कि दुकानदार पहले भी बच्ची के साथ छेड़खानी करता था, लेकिन डर के कारण बच्ची ने यह बात किसी को नहीं बताई थी। रविवार शाम को बच्ची दुकान पर टॉफी लेने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार ने उसके साथ अशोभनीय हरकत की। बच्ची किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और घबराई हुई हालत में अपनी मां को पूरी घटना बताई। घटना सुनकर परिवार के लोग दहशत में आ गए। वे तुरंत बच्ची को लेकर सदर कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। सदर कोतवाल विनोद सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।