बरेली के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में स्थित राजश्री मेडिकल कॉलेज से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र का अपहरण किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही सहपाठी ने बाहरी युवकों के साथ मिलकर किया था। आरोपी छात्र ने दोस्त के बैंक अकाउंट में करोड़ों रुपए होने की अफवाह सुनकर कर्ज चुकाने का शातिर प्लान बनाया और फिरौती मांगने तक की साजिश रच डाली। चलती कार में घंटों धमकाया, यूपीआई से 60 हजार रुपए ट्रांसफर कराए राजश्री मेडिकल कॉलेज के छात्र गौरव वरपे निवासी सोनई गांव, अहिल्यानगर (महाराष्ट्र) ने पुलिस को बताया कि वह रविवार शाम अपने दो दोस्तों-दिविज बहल और गौरवेंद्र सिंह के साथ स्कूटी से घूमने निकला था। इसी दौरान राधाकृष्ण मंदिर के पास एक ईको कार आकर रुकी और उसमें बैठे बदमाशों ने तीनों को जबरन कार में बैठा लिया। कार में बदमाशों ने गौरव को घंटों तक धमकाया और उसके मोबाइल से यूपीआई के जरिए अलग-अलग खातों में करीब 60 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। कुछ देर बाद बाकी साथी फरार हो गए जबकि सहपाठी दिविज बहल को पुलिस ने पकड़ लिया। पिता से मांगी 50 लाख की फिरौती, धमकी दी-सूचना दी तो बेटे की जान ले लेंगे गौरव की तहरीर के मुताबिक, आरोपी दिविज ने ही उसके पिता और उनके दोस्त कपिल को फोन करके 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। उसने चेतावनी दी कि अगर पुलिस को सूचना दी गई तो बेटे की हत्या कर देगा। इसी बीच, पुलिस की गाड़ियों को देख आरोपी गौरव को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। कर्ज में डूबा था आरोपी, दोस्त के पैसों पर नजर रख रचा अपहरण का खेल पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी छात्र दिविज बहल भारी कर्ज में डूबा था। उसने गौरव के बैंक खाते में करोड़ों रुपए की अफवाह सुनकर अपहरण की योजना बनाई थी। योजना के तहत उसने बाहरी युवकों को साथ मिलाया और गौरव के अपहरण की पूरी स्क्रिप्ट तैयार की। तीन पर रिपोर्ट दर्ज, एक हिरासत में, बाकी की तलाश जारी फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि गौरव की तहरीर पर दिविज बहल और सोनू को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी दिविज बहल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही पूरे गैंग को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। फतेहगंज पश्चिमी की पुलिस ने रातभर चलाया ऑपरेशन घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया। देर रात गौरव को सड़क किनारे छोड़ फरार हुए आरोपी पुलिस के घेरे में नहीं आ पाए, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन से पुलिस अब आरोपियों के करीब पहुंच चुकी है। छात्रों में दहशत, कॉलेज प्रशासन ने मांगी रिपोर्ट घटना के बाद मेडिकल कॉलेज में सनसनी फैल गई है। छात्र-छात्राओं में डर का माहौल है। कॉलेज प्रशासन ने भी इस घटना पर गंभीर रुख अपनाते हुए संबंधित छात्रों की पूरी रिपोर्ट मांगी है।