कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र में प्राचीन धर्मसमधा पोखरे के पास शुक्रवार शाम एक बुजुर्ग महिला का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव कब्जे में लिया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे धर्मसमधा पोखरे के उत्तर दिशा में स्थित खेत में धान का पुआल लेने पहुंचे बच्चों ने पुआल के ऊपर एक महिला का शव देखा। बच्चों ने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। सूचना पाकर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृत महिला की पहचान 65 वर्षीय आरती देवी के रूप में हुई, जो प्रभु यादव की पत्नी और सोनेरा मल छपरा (थाना कोतवाली पड़रौना) की निवासी थीं। परिजनों ने बताया कि आरती देवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। वह गुरुवार दोपहर बाद घर से लापता हो गई थीं, जिसके बाद परिवार उनकी तलाश कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष कुमार और सीओ खड्डा वीरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतका के पुत्र विनय यादव के अनुसार, उनकी मां पहले भी कई बार घर से लापता हो चुकी थीं, लेकिन हर बार वापस मिल जाती थीं। इस बार उनकी तलाश जारी थी कि शुक्रवार को उनका शव मिला। परिजनों की सहमति के बाद पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया।