बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा 2.0 रविवार रात 8:15 बजे वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर पहुंची। इसके साथ ही 10 दिनी इस यात्रा का समापन हो गया। उनके साथ बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु भी मौजूद थे। इससे पहले चार धाम के पास सनातन सभा हुई। इसमें पंडित धीरेंद्र शास्त्री के साथ जगद्गुरु रामभद्राचार्य, पुंडरीक महाराज, इंद्रेश उपाध्याय, देवकीनंदन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में संत महात्मा मंच पर मौजूद थे। शास्त्री ने सभी संतों का आशीर्वाद लिया और पट्टिका पहनाकर उनका सम्मान किया। धीरेंद्र शास्त्री बोले- हर हिंदू जाग्रत हो सनातन सभा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदू राष्ट्र के निर्माण को लेकर संदेश दिया। उन्होंने देशभर के हिंदू समाज से 5 संकल्प लेने की अपील की, जिनके माध्यम से सनातन संस्कृति को मजबूत आधार देने की बात कही। शास्त्री ने कहा कि समय की आवश्यकता है कि हर हिंदू जाग्रत होकर धर्म और राष्ट्र के प्रति अपनी भूमिका निभाए। ये पांच संकल्प लेने का आह्वान किया 1. जुड़ो और जोड़ो: हर व्यक्ति 5 परिवारों को कट्टर एवं जागरूक हिंदू बनाने का संकल्प लें, ताकि सामाजिक और धार्मिक एकता को मजबूती मिले। 2. भगवा अभियान: हर घर पर भगवा धर्म ध्वज लगाने की अपील की। इसे उन्होंने गौरव और पहचान का प्रतीक बताया। 3. साधु-संतों का मंडल: साधु-संत समाज की धुरी हैं, इसलिए उन्हें एक मंच पर लाया जाए। उनके मार्गदर्शन में समाज को संगठित किया जाए। 4. घर वापसी अभियान: बिछड़े हुए सनातनियों को वापस धर्म में जोड़ने के अभियान को बढ़ावा देने की अपील करते हुए इसे सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अहम कदम बताया। 5. मांस-मदिरा पर प्रतिबंध: देशभर के प्रमुख तीर्थ स्थलों पर मांस और मदिरा की बिक्री व सेवन पर प्रतिबंध लागू करने की मांग उठाई। बता दें कि यात्रा में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मथुरा पहुंचे थे। वे भी धीरेंद्र शास्त्री के साथ पैदल चले। सीएम ने दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर बैठकर शास्त्री के साथ भोजन किया। गौरतलब है कि यह पदयात्रा दिल्ली के छतरपुर स्थित आद्या कात्यायनी मंदिर (छत्रपुर मंदिर) से 7 नवंबर को शुरू हुई थी। इस यात्रा ने दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से होकर लगभग 145 से 170 किलोमीटर की दूरी तय की। पदयात्रा की तस्वीरें… पदयात्रा के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…