मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक सहित मेले से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने निर्देश दिए कि नवरात्रि मेले के दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारी पारदर्शिता और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
मंडलायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक विभाग मेला कार्यों के लिए कम से कम एक राजपत्रित अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त करे। यह अधिकारी विभागीय कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मेला क्षेत्र में सभी कार्यों को सुचारु रूप से संपन्न कराएगा। उन्होंने नवनिर्मित पीपा पुल के दोनों ओर मजबूत बैरिकेडिंग और लगभग चार फीट ऊंची जाली लगाने के निर्देश दिए। सभी विभागों को 17 मार्च 2026 तक मेला से संबंधित सभी कार्य शत-प्रतिशत पूरे करने का निर्देश दिया गया है। मंडलायुक्त ने चेतावनी दी कि उसी दिन दोपहर 3 बजे वे स्वयं मेला क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे और अधूरे कार्य पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह ने मेला क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग का ठेका लेने वाले व्यक्तियों और वहां कार्यरत कर्मचारियों का सत्यापन कराया जाए। आपराधिक इतिहास वाले व्यक्तियों को ठेका नहीं दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, पार्किंग स्थलों और होटल-धर्मशालाओं में रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जानकारी दी कि घाटों की सुरक्षा, गंगा में बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और मंदिरों की सुरक्षा सहित सभी तैयारियां मेला शुरू होने से पहले पूरी कर ली जाएंगी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि सभी पंडा निर्धारित ड्रेस और पहचान पत्र के साथ ही मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगे। श्रद्धालुओं के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।