नवरात्र में बंद रहेंगी काशी में मीट-मछली की दुकानें:नगर निगम ने जारी किया सर्कुलर, खुली पाई जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई

वाराणसी नगर निगम ने आगामी चैत्र नवरात्र पर शहर में मीट-मछली की दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया है। यह नियम नगर निगम क्षेत्र में लागू रहेगा और इसका अनुपालन न करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। महापौर अशोक तिवारी ने स्मार्ट सिटी सभागार में समीक्षा करते हुए उक्त फैसला लिया है। ताकि इस पावन पर्व पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करने पड़े। ​सभी दुकानों को जारी हुआ निर्देश महापौर अशोक तिवारी ने बताया – वाराणसी धर्म की नगरी है। आगामी 19 मार्च से चैत्र नवरात्र शुरू हो रहा है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए शहर की सभी मीट-मछली की दुकानें बंद रखने का फैसला किया गया है। मंदिरों के आस-पास खास करके सख्ती बरती जाएगी। इसमें नगर निगम क्षेत्र में शामिल हुए नए क्षेत्र भी शामिल हैं। यदि नवरात्र में दुकानें खुली पायी गयीं तो कार्रवाई होगी। देवी मंदिरों के रास्तों की करें मरम्मत महापौर ने इस बैठक में नवरात्र से पहले सभी प्रमुख देवी मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों का तत्काल निरीक्षण कर तत्काल पैच वर्क कराने, गड्ढों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। साथ ही स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सड़कों के किनारे नियमित चूने के छिड़काव का भी निर्देश दिया गया। इस दौरान जलकल विभाग को कड़ी चेतावनी दी गई कि पर्व के समय शहर में कहीं भी सीवर ओवरफ्लो की समस्या नहीं दिखनी चाहिए और पेयजल की निर्बाध आपूर्ति हर हाल में दुरुस्त रखी जाए। नगर की प्रकाश व्यवस्था को लेकर आलोक विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई कि मंदिरों को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर मार्ग प्रकाश की व्यवस्था चाक-चौबंद रहे। बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।