नाराज पत्नी मायके गई…पति ने तमंचे के बल अपहरण किया:4 साल पहले जाति छिपाकर लव मैरिज की थी, पचा चलने पर पत्नी मायके चली गई

हरदोई जिले के बेहटा गोकुल क्षेत्र में सोमवार, 3 नवंबर 2025 को एक महिला का उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने तमंचे के बल पर अपहरण कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अपहृत महिला की पहचान 25 वर्षीय काजल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सीतापुर जनपद के इमलिया चौक की निवासी है। लगभग चार साल पहले उसने मनीष नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। मनीष ने शादी के समय खुद को स्वजातीय बताया था, लेकिन बाद में पता चला कि वह अनुसूचित जाति से है। विवाह के बाद मनीष पर शराब पीने और मारपीट करने का आरोप है। काजल ने प्रताड़ना से तंग आकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। बीते कुछ वर्षों से काजल अपनी मौसी गीता देवी के साथ बेहटा गोकुल क्षेत्र के सैदपुर गांव में रह रही थी। सोमवार को न्यायालय से पेशी के बाद लौटते समय टोंडरपुर तिराहे के पास मनीष अपने भाई राजेश और अन्य साथियों के साथ एक वैन में पहुंचा। उन्होंने तमंचे के बल पर काजल का अपहरण कर लिया। जब काजल की मौसी गीता देवी ने विरोध करने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन्हें भी तमंचा दिखाकर धमकाया। सूचना मिलने पर थाना बेहटा गोकुल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीतापुर जनपद में कई संभावित स्थानों पर दबिश दी है। कोतवाल ने बताया कि युवती को जल्द ही सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।