नोएडा में अंतरराज्यीय ट्रक चोर गिरोह का भंडाफोड़:दो गिरफ्तार, 3 ट्रक और गैस कटर बरामद

नोएडा के थाना फेस-2 पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ट्रक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी के तीन ट्रक और वाहन काटने के उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस ने रविवार को गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-82 कट, भंगेल के पास कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद निवासी सलमान और गौतमबुद्धनगर के बिसरख निवासी भानू चौधरी को पकड़ा। भानू चौधरी बीएससी स्नातक हैं और लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने गिरोह के साथ औद्योगिक क्षेत्रों और सड़कों के किनारे खड़े कमर्शियल वाहनों की रेकी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को हापुड़ के ग्राम दीनानाथपुर पुठ्ठी स्थित एक गोदाम में ले जाया जाता था। यह गोदाम उन्होंने 50,000 रुपये प्रति माह के किराए पर लिया था। यहां गैस कटर से ट्रकों के पुर्जे अलग किए जाते और दिल्ली के बाजारों में बेचे जाते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन चोरी के ट्रक बरामद किए हैं, जिनमें टाटा गुड्स कैरियर, बोलेरो मैक्सी ट्रक और महिंद्रा पिकअप शामिल हैं। इसके अलावा, दो ऑक्सीजन सिलेंडर, दो एलपीजी सिलेंडर, एक गैस कटर, 28 मास्टर चाबियाँ, एक मेटल कटर और वाहन खोलने के अन्य औजार बरामद हुए हैं। दो ट्रकों के कटे हुए केबिन और नौ चाकू भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति अवस्थी ने बताया कि सलमान पर गैंगस्टर एक्ट सहित आठ और भानू चौधरी पर 12 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों फकरुद्दीन, फरमान, यूनुस, कलाम और साजिम की तलाश में जुटी है।